सुफ़यान सैफ/मेवात टाइम्स
पुन्हाना (नूंह), 25 फरवरी।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के मौसम से पहले पुन्हाना शहर क्षेत्र के सभी सीवर, गलियों व नालियों का निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त बुधवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में पुन्हाना शहरी क्षेत्र के लिए आयोजित रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनी तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बारिश से पहले विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पुन्हाना क्षेत्र में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। विशेष रूप से गलियों और नालियों की मरम्मत व निर्माण कार्य शीघ्र संपन्न कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। यदि कहीं पानी के ठहराव की समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। उपायुक्त ने पुन्हाना शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा निरंतर सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने शहर में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या पर भी गंभीरता से कार्य करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों और सड़कों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व नागरिक सुविधा को सुगम बनाया जाए।
रात्रि जनसुनवाई में 16 शिकायतें प्राप्त, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह जिला में रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय नूंह तक आने की आवश्यकता न पड़े। इस कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी एक साथ उपस्थित रहते हैं, जिससे नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान संभव हो सके। उन्होंने कहा कि यहां पर प्राप्त सभी शिकायतों को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतों पर उचित कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करें तथा शिकायतकर्ता को भी समाधान की जानकारी दें।
रात्रि जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त कई वार्ड पार्षदों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित मांग पत्र प्रस्तुत किए गए, जिन्हें आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने नागरिकों से नशे से दूर रहने और युवाओं को साइबर अपराध से बचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशे की लत से ग्रस्त व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से निशुल्क उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध है।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह फौगाट, एसडीएम पुन्हाना आदित्य विक्रम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कपिल सिंगला, डीएसपी जितेंद्र कुमार तथा नगर पालिका पुन्हाना के अध्यक्ष बलराज सहित अन्य अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।

